फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: 04 लाख 15 हजार से अधिक लोगों को खिलाई गई फाइलेरिया रोधी दवा

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: 04 लाख 15 हजार से अधिक लोगों को खिलाई गई फाइलेरिया रोधी दवा

2030 तक देश को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य की ओर जिला प्रशासन का विशेष अभियान

संवाददाता: अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ मुंगेली

मुंगेली। देश को वर्ष 2030 तक फाइलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त बनाने के संकल्प के तहत नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप जिले में व्यापक स्तर पर सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में 25 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत अब तक जिले के 4 लाख 15 हजार 110 लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जा चुका है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 लाख 56 हजार 143 लाभार्थियों को निर्धारित बूथों के माध्यम से दवा खिलाई गई, जबकि 58 हजार 967 हितग्राहियों को स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर पहुंचकर दवा का सेवन कराया गया। अभियान के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को शामिल किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों की टीम सक्रिय रूप से घर-घर पहुंचकर आयु एवं वजन के अनुसार निर्धारित मात्रा में दवा का सेवन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने बताया कि दवा सेवन से पूर्व नागरिकों को फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण, दुष्प्रभाव एवं बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है, ताकि भ्रम और आशंकाओं को दूर किया जा सके।

डॉ. साहा ने यह भी जानकारी दी कि 22 फरवरी तक घर-घर भ्रमण कर दवा सेवन कराया जाएगा, जबकि 23 से 25 फरवरी तक ‘मॉप-अप राउंड’ के तहत छूटे हुए व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वयं दवा का सेवन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि यह अभियान जनभागीदारी से ही सफल होगा और सामूहिक प्रयास से ही फाइलेरिया जैसी बीमारी पर स्थायी नियंत्रण संभव है।

Leave a Comment