कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

समय-सीमा में पारदर्शी कार्यवाही पर जोर, वर्षा ऋतु से पूर्व लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश

संवाददाता: अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ मुंगेली

मुंगेली। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने मुख्य सचिव की मंशानुरूप सभी राजस्व संबंधी मामलों का सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कोई भी राजस्व प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने रिकॉर्ड दुरुस्ती, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन तथा नक्शा बटांकन जैसी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पूर्व सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण कर लेने के लिए कहा, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित प्रत्येक बिंदु की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और प्रगति के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों (आर.आई.) एवं पटवारियों से सीधे संवाद कर उन्हें बेहतर कार्यप्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों के बीच उत्पन्न गतिरोध के विषय में भी चर्चा की। इस संबंध में संबंधित तहसीलदार ने अवगत कराया कि आपसी संवाद एवं समन्वय से समस्या का समाधान कर लिया गया है। सभी राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी अपने कार्य पर लौट आए हैं और पूरी तत्परता से दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुरूप राजस्व अमला पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा।

कलेक्टर ने कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति तभी संभव है जब सभी अधिकारी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने अधिकारियों को जनसहयोग की भावना से कार्य करने, आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने तथा बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे विभाग में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा एवं उत्साह का वातावरण निर्मित हो।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment