ग्राम लिम्हा में जल संरक्षण हेतु लिया गया सामूहिक संकल्प

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

ग्राम लिम्हा में जल संरक्षण हेतु लिया गया सामूहिक संकल्प

जल अर्पण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल बचाने का संदेश, जनप्रतिनिधियों ने किया जागरूक

संवाददाता: अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ मुंगेली

मुंगेली। जल संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत लिम्हा में जल जीवन मिशन अंतर्गत “जल अर्पण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर धरमपुरा, गीधा, लिम्हा, लिलवाकापा एवं सिंगबांधा ग्राम पंचायतों में पूर्ण हुए जल जीवन मिशन के कार्यों को संबंधित सरपंचों को विधिवत हस्तांतरित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” एवं छत्तीसगढ़ की अस्मिता के प्रतीक राज्यगीत “अरपा पैरी के धार” का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण देशभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत हो उठा।

विधायक श्री मोहले ने अपने संबोधन में जल संरक्षण को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने पर बल देते हुए कहा कि “जल है तो कल है”। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जल के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार बनने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने ग्रामीणों को जल बचाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जल संरक्षण सामूहिक प्रयास से ही संभव है।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है, अतः इसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने “मोर गाँव–मोर पानी” महाअभियान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जल के दुरुपयोग से बचने एवं जल स्रोतों की रक्षा करने का संदेश दिया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत सैंड फिल्टर, आजीविका डबरी, सोखता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप गड्ढा, वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं एवं भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन की प्रगति, तकनीकी पहलुओं एवं योजना के दीर्घकालीन लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि मिशन की सफलता तभी सुनिश्चित होगी जब प्रत्येक नागरिक जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी माने।

इस अवसर पर जल समितियों एवं सक्रिय ग्रामीणों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्कूली विद्यार्थियों द्वारा जल संरक्षण विषयक रैली, नारा लेखन एवं पेंटिंग के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के अंत में जल की प्रत्येक बूंद के संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, जल अपव्यय रोकने एवं भावी पीढ़ी के लिए जल-सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

समापन अवसर पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment