उप मुख्यमंत्री अरुण साव न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल लोरमी के वार्षिकोत्सव में हुए शामिल

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

उप मुख्यमंत्री अरुण साव न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल लोरमी के वार्षिकोत्सव में हुए शामिल

लोरमी की पहचान तेजी से बदल रही, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता से हुआ नाम रोशन : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

संवाददाता – अतुल गुप्ता
ब्यूरो चीफ, मुंगेली

लोरमी। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव गुरुवार की शाम लोरमी स्थित न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल के भव्य वार्षिकोत्सव “उमंग उत्सव” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों—नृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों—ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि न्यू जनरेशन पब्लिक स्कूल लोरमी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज यह विद्यालय न केवल लोरमी बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान बना चुका है। बोर्ड परीक्षाओं में यहां के छात्र लगातार प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त कर रहे हैं, जो शिक्षकों की मेहनत, विद्यालय प्रबंधन की दूरदर्शिता और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।


श्री साव ने कहा कि लोरमी क्षेत्र के युवाओं का चयन लगातार पीएससी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहा है, जो इस क्षेत्र में शिक्षा के बढ़ते स्तर का प्रमाण है। उन्होंने शिक्षकों और पालकों को इसका श्रेय देते हुए कहा कि बच्चों का सही मार्गदर्शन उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।
उप मुख्यमंत्री ने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से उन्हें सेवा का अवसर मिला है और बीते दो वर्षों में उन्होंने पूरी ईमानदारी से शिक्षा, खेल और आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज लोरमी की दिशा और दशा में स्पष्ट परिवर्तन दिखाई दे रहा है।


श्री साव ने लोरमी क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में चारों ओर सड़कों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। नवनिर्मित भव्य मानस मंच आज लोरमी की पहचान बन चुका है। वहीं मंगलम भवन रोड की सुंदरता शहर की बदलती तस्वीर को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोरमी विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, राजेंद्र पाटकर, नरेंद्र पाटकर, अन्य जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर प्रेरक संदेश के साथ हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें