प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का शिविर सिवनी में संपन्न, उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

Picture of Awas Kaiwart

Awas Kaiwart

FOLLOW US:

SHARE:

मरवाही/ प्रयास कैवर्त

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिवनी में एक दिवसीय जागरूकता एवं पंजीयन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के लाभों से अवगत कराना तथा स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में प्रेरित करना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपभोक्ताओं ने सहभागिता कर योजना की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत सिवनी की सरपंच रचना कंवर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय गुप्ता उपसरपंच ग्राम पंचायत सिवनी उपस्थित रहे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में द्वारे लाल केवट जनपद सदस्य ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में पत्रकार प्रयास कैवर्त की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

शिविर के दौरान योजना की विस्तृत जानकारी जफर मालिक सहायक अभियंता मरवाही एवं अमित कुमार कनिष्ठ अभियंता सिवनी द्वारा दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने पर केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भारी कमी आएगी और कई मामलों में बिजली बिल शून्य तक हो सकता है। साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर उसे ग्रिड में भेजकर आय अर्जित करने का भी प्रावधान है।

कार्यक्रम के दौरान योजना का सफलतापूर्वक लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रचना कंवर ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना समय की आवश्यकता है और यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी लाभकारी है। विशिष्ट अतिथि संजय गुप्ता ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ने की अपील की।

जनपद सदस्य द्वारे लाल केवट ने कहा कि यह योजना गांवों को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने नागरिकों से स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह योजना भविष्य में हरित ऊर्जा क्रांति का आधार बनेगी।

Awas Kaiwart
Author: Awas Kaiwart

Learning about journalism and latest technology.

Leave a Comment

और पढ़ें