मुंगेली जिले में 13,948 अपूर्ण मनरेगा कार्य 15 मार्च तक पूर्ण कराने के निर्देश
अतुल गुप्ता | ब्यूरो चीफ, मुंगेली
मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्रालय नवा रायपुर तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पूर्व लंबित मनरेगा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुंगेली जिले में मनरेगा अंतर्गत कुल 13,948 अपूर्ण कार्यों को 15 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाने के निर्देश हैं। वृक्षारोपण एवं नर्सरी से संबंधित कार्यों को छोड़कर शेष सभी स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने कहा गया है।
इसी क्रम में दिनांक 28 जनवरी 2026 को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय द्वारा सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जनपद पंचायत लोरमी, मुंगेली एवं पथरिया के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपूर्ण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही, कार्यक्रम अधिकारियों को सतत समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा गया है।
मनरेगा राज्य कार्यालय द्वारा अपूर्ण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, दस्तावेजों के समुचित संधारण, सामाजिक अंकेक्षण उपरांत निर्धारित वसूली की कार्रवाई तथा साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जा रहा है। इसके लिए राज्य स्तर पर समिति का गठन किया गया है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने के स्पष्ट निर्देश हैं।
इस संबंध में कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में शेष सभी अपूर्ण मनरेगा कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 15 मार्च 2026 तक पूर्ण कराया जाएगा। सभी जनपद पंचायतों एवं कार्यक्रम अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर गुणवत्ता एवं समय-सीमा का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।







