मरवाही में जनसमस्याओं को लेकर धरना

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

मरवाही में जनसमस्याओं को लेकर धरना

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने उठाई 26 सूत्रीय मांगें, प्रशासन से हुई सीधी चर्चा

आशीष श्रीवास/ मरवाही (गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही)

मरवाही तहसील क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा, जिला गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही द्वारा 29 दिसंबर 2025 को तहसील कार्यालय मरवाही के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री सावन सिंह टेकाम ने किया।

धरना प्रदर्शन के पश्चात युवा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मरवाही के समक्ष बैठकर ज्ञापन सौंपा तथा 26 बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक एवं गहन चर्चा की। चर्चा में प्रशासनिक व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर मुद्दे रखे गए।

पेंशन, राशन और अवैध रेत खनन प्रमुख मुद्दा

ज्ञापन में बताया गया कि मरवाही क्षेत्र में बड़ी संख्या में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं, जिससे पात्र हितग्राहियों को आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। इसके साथ ही कई गांवों में राशन वितरण में अनियमितता की शिकायतें भी सामने आई हैं।

क्षेत्र में जारी अवैध रेत खनन पर कड़ा विरोध जताते हुए युवा मोर्चा ने कहा कि इससे नदियों और पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है तथा शासन को राजस्व की क्षति उठानी पड़ रही है।

पटवारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी

धरना के दौरान यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि कई पटवारी एवं राजस्व कर्मचारी कार्यालयीन समय पर उपस्थित नहीं रहते, जिससे किसानों और आम नागरिकों को नामांतरण, सीमांकन, बंटांकन जैसे कार्यों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

170 से अधिक प्रकरण लंबित

युवा मोर्चा ने प्रशासन को अवगत कराया कि मरवाही तहसील में 170 से अधिक राजस्व प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं, जिनका शीघ्र निराकरण आवश्यक है।

आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं

ज्ञापन में पेसा एक्ट, वन अधिकार अधिनियम, ग्राम सभा के अधिकार, स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की कमी, विद्युत विभाग द्वारा अवैध वसूली, स्मार्ट मीटर के नाम पर परेशानियां, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को भी शामिल किया गया।

जिलाध्यक्ष सावन सिंह टेकाम का बयान

इस अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री सावन सिंह टेकाम ने कहा—

“मरवाही आदिवासी बहुल क्षेत्र है, लेकिन यहां के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। पेंशन, राशन, राजस्व और वन अधिकार से जुड़े मामलों में लगातार लापरवाही हो रही है। हमारी 26 सूत्रीय मांगें जनता की वास्तविक समस्याओं से जुड़ी हैं। यदि प्रशासन ने तय समयसीमा में ठोस कार्रवाई नहीं की, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा मजबूर होकर आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।”

प्रशासन का आश्वासन

श्रीमान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मरवाही ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सभी बिंदुओं पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

शांतिपूर्ण रहा धरना

धरना शांतिपूर्ण एवं अनुशासित रहा। युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ तो आगे चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन एवं चर्चा के दौरान श्री उदय सिंह मसराम,जिलाध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही,श्री सावन सिंह टेकाम, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा, श्री दीनदयाल पोर्ते, विधि सलाहकार एवं अधिवक्ता,श्री गुलाब सिंह मार्को, श्री नरोत्तम अर्मो, श्रीमती सेमवती अर्मो, श्री सुरेश कमरों सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आंदोलन की चेतावनी

प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि यदि जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण नहीं किया गया, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें