शहरी स्थानीय निकाय की बैठक आयोजित, शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने पर जोर
अतुल गुप्ता | ब्यूरो चीफ, मुंगेली
मुंगेली। राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में शहरी स्थानीय निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों, विशेषकर झुग्गी-बस्तियों में निवासरत गरीब एवं कमजोर वर्ग के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन का मुख्य लक्ष्य शहरी गरीबों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च को कम करना तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना है। इसके माध्यम से शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाते हुए योजनाओं का लाभ जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरिश कुर्रे द्वारा मिशन के अंतर्गत नागरिकों को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला ने शहर में 04 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए भवन उपलब्ध कराए जाने हेतु सहमति प्रदान की।
बैठक में नगर पालिका परिषद मुंगेली के उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मिश्रा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा, पार्षदगण, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनें उपस्थित रहीं।







