अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार
पुराने बस स्टैंड से अवैध निर्माण ध्वस्त, जेसीबी से की गई बड़ी कार्रवाई
अतुल गुप्ता
ब्यूरो चीफ, मुंगेली
मुंगेली। जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र पुराना बस स्टैंड में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से किए गए निर्माण को प्रशासन ने जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के स्पष्ट निर्देशानुसार की गई।
कार्रवाई का नेतृत्व मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज एवं पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने किया। उनके साथ नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से दुकान का निर्माण किया गया था, जिसे लेकर नगर पालिका द्वारा संबंधित अतिक्रमणकर्ता को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय-सीमा बीतने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को कठोर कदम उठाना पड़ा।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि शहर की सार्वजनिक एवं शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कानूनन अपराध है। पुराने बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में अवैध निर्माण से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए आज विधिवत कार्रवाई कर अवैध निर्माण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक अमला तैनात रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए इसे शहर हित में आवश्यक कदम बताया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अवैध निर्माण न केवल शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि भविष्य में विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न करता है। ऐसे में नगर क्षेत्र सहित जिले के अन्य हिस्सों में भी अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर एवं सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अंत में प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें तथा नियमानुसार कार्य कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मुंगेली शहर का सुव्यवस्थित, सुरक्षित और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।








