कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक संपन्न
विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर आधार पर गाइडलाइन दर लागू करने पर जोर
अतुल गुप्ता
ब्यूरो चीफ, मुंगेली
मुंगेली। विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर आधार पर गाइडलाइन दर लागू करने तथा नवीन गाइडलाइन दरों की समीक्षा को लेकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग एवं महानिरीक्षक पंजीयन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि मंत्रीपरिषद के निर्णय के अनुरूप विशेष ग्रामों में छोटे भू-खण्डों के लिए वर्गमीटर के आधार पर गाइडलाइन दर लागू करने की प्रक्रिया को शीघ्र, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवीन गाइडलाइन दरों के संबंध में गहन समीक्षा करते हुए ठोस तथ्यों एवं स्पष्ट कारणों के साथ प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्राप्त सुझावों, आपत्तियों एवं ज्ञापनों को गंभीरता से लेते हुए समुचित समीक्षा की जाए, ताकि आम नागरिकों के हितों की अनदेखी न हो। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भू-खण्ड मूल्य में वृद्धि से संबंधित किसी भी प्रस्ताव को शासन की गाइडलाइन के अनुरूप, प्रमाणिक तथ्यों और तार्किक कारणों के साथ ही प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी संशोधित प्रस्तावों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले में भू-खण्ड मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता, व्यवहारिकता एवं जनहित की रक्षा सुनिश्चित होगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







