समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता के लिए घर-घर सत्यापन अभियान

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता के लिए घर-घर सत्यापन अभियान
जारी टोकन व उपलब्ध धान की मात्रा की हो रही जांच

संवाददाता: धनकुमार कौशिक
छत्तीसगढ़ दस्तक 24 | बलौदा बाजार

बलौदा बाजार (डोंगरा)। छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नया रायपुर अटल नगर के निर्देशानुसार तथा जिला कलेक्टर दीपक सोनी के आदेश पर जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत किसानों को जारी किए गए ऑनलाइन टोकन तथा उनके घरों में वास्तव में उपलब्ध धान की मात्रा का मिलान एवं जांच की जा रही है, ताकि समर्थन मूल्य पर हो रही धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत सकरी के पंचायत सचिव हरिकिशन वर्मा ने बताया कि जनपद पंचायत बलौदा बाजार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी फकीर चरण पटेल के निर्देशन में एक विशेष सत्यापन दल गठित किया गया है। इस दल में राजस्व विभाग के पटवारी, कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायक शामिल हैं, जो प्रत्येक किसान के घर जाकर टोकन और उपलब्ध धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं।

पंचायत सचिव वर्मा ने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की घोषणा की गई है। शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिसकी खरीदी अवधि 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक रहेगी।

धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और किसान-हितैषी बनाने के लिए उपार्जन केंद्रों पर ऑनलाइन टोकन बुकिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़े। शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है तथा किसानों को 6-7 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। धान की गुणवत्ता जांच के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली का उपयोग भी किया जा रहा है।

धान खरीदी को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए किसानों का ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है, वहीं धान की अवैध आवाजाही पर रोक लगाने हेतु अलग से विशेष जांच दल भी गठित किए गए हैं। शासन की इस पहल से राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।

आज के सत्यापन अभियान में ग्राम पंचायत सकरी से पंचायत सचिव हरिकिशन वर्मा, रेखा वस्त्रकार, कंजी राजू लहरी, रोजगार सहायक दिव्यानी साहू, कुंती मानिकपुरी, राजू साहू, सरपंच हरीश कुमार फेकर, उपसरपंच धनेश कुमार वर्मा, पूर्व विधायक प्रतिनिधि अनिल बघेल, समिति प्रबंधक पितांबर साहू, पूर्व उपसरपंच ओंकार साहू, रामगोपाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे किसानों के हित में एक सराहनीय और प्रभावी कदम बताया।

Leave a Comment

और पढ़ें