नशे के विवाद में खून-खराबा: गदहीडीह में युवक की चाकू से हत्या
गदहीडीह हत्याकांड में नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
नशे को लेकर हुआ मामूली विवाद बना मौत की वजह
घटना के बाद मोटरसाइकिल से भागे आरोपी, पुलिस ने चाकू व वाहन किया जप्त
संवाददाता : धनकुमार कौशिक
छत्तीसगढ़ दस्तक 24, बलौदा बाजार
बलौदा बाजार। थाना लवन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गदहीडीह में नशे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आवेश में आकर चाकू से किए गए प्राणघातक हमले में युवक की मौके पर ही जान चली गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

प्रार्थी धनऊ राम ध्रुव निवासी ग्राम गदहीडीह की रिपोर्ट पर पुलिस ने बताया कि 10 जनवरी 2026 की शाम लगभग 7:15 बजे उसके पुत्र चुम्पेश्वर ध्रुव के साथ आरोपियों ने नशा करने की बात को लेकर विवाद किया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आवेश में आकर चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बलौदा बाजार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना लवन में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना लवन पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के ग्रामीणों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले का खुलासा किया। जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने नशे के विवाद में चाकू से प्राणघातक वार कर हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG04 CR 9039) को जप्त किया है। दोनों आरोपियों को 12 जनवरी 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी : • दीपेश वर्मा (18 वर्ष), निवासी ग्राम कोलिहा, थाना लवन
• एक विधि से संघर्षरत बालक







