पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का ऐतिहासिक समापन
कारगीकला ने फाइनल में लहराया जीत का परचम
सेमरदर्री (भाटाटिकरा) में खेल, उत्साह और जनभागीदारी का भव्य संगम
सेमरदर्री (भाटाटिकरा) —
ग्राम पंचायत सेमरदर्री में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं समापन समारोह पूरे क्षेत्र के लिए उत्सव का रूप लेकर सामने आया। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।

फाइनल एवं समापन अवसर पर ग्राम पंचायत सेमरदर्री के युवा एवं लोकप्रिय सरपंच दिनेश मार्को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री महेश पाव (पूर्व उपसरपंच), ममता पावले (उप सरपंच, ग्राम पंचायत सेमरदर्री), भागवत आयाम (पंच), अजीत टेकाम (पंच) सहित प्रेम आयाम, विनोद मार्को, मोहन श्याम, सेवा मार्को, गोविंद टेकाम एवं सुखसेन आयाम मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

फाइनल मुकाबला बना रोमांच का केंद्र
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भाटाटिकरा बनाम कारगीकला टीमों के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर भाटाटिकरा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी कारगीकला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 5 विकेट खोकर 140 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। कारगीकला के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए चौकों-छक्कों की बरसात कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया,लक्ष्य का पीछा करने उतरी भाटाटिकरा की टीम ने भी संघर्ष पूर्वक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कारगीकला के सधे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने टीम 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 90 रन ही बना सकी। इस प्रकार कारगीकला की टीम ने 60 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
समापन समारोह में विजेता टीम कारगीकला को प्रथम पुरस्कार के रूप में 18,051 रुपये नगद एवं शील्ड ग्राम पंचायत सेमरदर्री के सरपंच दिनेश मार्को के करकमलों से प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप 9,551 रुपये नगद एवं शील्ड महेश पाव (पूर्व उपसरपंच), ममता पावले (उप सरपंच), भागवत आयाम (पंच) एवं अजीत टेकाम (पंच) द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
खेल से बढ़ता है भाईचारा : अतिथि
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करता है, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करता है। अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में और बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने का आह्वान किया।
आयोजन समिति और ग्रामीणों की रही अहम भूमिका
इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में आयोजन समिति के सदस्य लवकेश मार्को, दिनेश मार्को, रमेश मार्को, अजय मार्को, राम कुमार, रोहित मार्को, महेश सरुता सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, यह पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता न केवल एक खेल आयोजन रही, बल्कि सेमरदर्री (भाटाटिकरा) क्षेत्र में एकता, उत्साह और ग्रामीण प्रतिभा के उत्सव के रूप में लंबे समय तक याद की जाएगी।







