ग्राम पंचायत डोंगरा में कुष्ठ रोग मरीजों की खोज एवं सत्यापन अभियान
घर-घर सर्वे में 5 कुष्ठ रोगियों की हुई पुष्टि, उपचार एवं दवा उपलब्ध कराई गई
संवाददाता — धनकुमार कौशिक
छत्तीसगढ़ दस्तक 24, बलौदा बाजार
जिला बलौदा बाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरा में कुष्ठ रोग की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खोज एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला कुष्ठ अधिकारी (DLO) नवदीप बांधे के मार्गदर्शन में लवन सेक्टर के स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के तहत स्वास्थ्य टीम ने ग्राम में घर-घर पहुंचकर सर्वे एवं जांच की, जिसमें प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 कुष्ठ रोग पीड़ितों की पुष्टि हुई। जांच के उपरांत सभी चिन्हित मरीजों को उचित परामर्श देते हुए सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

इस संबंध में जिला कुष्ठ अधिकारी नवदीप बांधे ने हमारे संवाददाता से चर्चा करते हुए बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से इलाज योग्य है, बशर्ते समय पर जांच और नियमित रूप से दवा का सेवन किया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत डोंगरा के वरिष्ठ समाजसेवी धनीराम कौशिक एवं सरपंच श्रीमती अंशु रामपाल ध्रुव से चर्चा कर ग्राम स्तर पर मरीजों को समय पर अस्पताल लाने, दवा सेवन सुनिश्चित कराने तथा सामाजिक सहयोग प्रदान करने की अपील की।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि कोटवार के माध्यम से मुनादी कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए, ताकि कुष्ठ रोग से जुड़ी भ्रांतियां दूर हों और लोग बिना झिझक जांच व उपचार के लिए आगे आएं।
इस अभियान में सरकारी अस्पताल लवन के
बीएमओ नवदीप बांधे,महावीर पैकरा (RHO),विमल टंडन (RHO), प्रेमनारायण वर्मा (RHO),हितेंद्र वर्मा (RHO),लक्ष्मीनारायण बंजारे(RHO),हरिश्चंद्र वर्मा (RHO),दिलेश्वरी ध्रुव(CHO), आरती (CHO),मनीराम सैंडलीय (सेक्टर सुपरवाइजर),मितानिन मोनिका, शैलेइंद्री, अजवंतीन, शांति,सहित ग्राम पंचायत डोंगरा के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







