कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर व धूमा का किया औचक निरीक्षण

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर व धूमा का किया औचक निरीक्षण

अव्यवस्था पर सरगांव समिति प्रबंधक को फटकार, नोटिस व वेतन रोकने के निर्देश

अतुल गुप्ता

ब्यूरो चीफ, मुंगेली

मुंगेली, 07 जनवरी 2026

जिले में धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने पथरिया विकासखंड के धान खरीदी केंद्र सरगांव, सांवतपुर एवं धूमा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों से धान खरीदी की प्रगति, व्यवस्थाओं, किसानों को दी जा रही सुविधाओं, पंजीकृत किसानों की संख्या, खरीदी गई मात्रा, रकबा समर्पण तथा टोकन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि खरीदी कार्य बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से जारी रह सके। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी केंद्र सरगांव में धान की समुचित स्टेकिंग व्यवस्था नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। खराब व्यवस्था को गंभीर लापरवाही मानते हुए समिति प्रबंधक श्री धनुष राम साहू को फटकार लगाई गई तथा उन्हें नोटिस जारी करने एवं केंद्र का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही कलेक्टर ने अव्यवस्था को लेकर सहकारिता निरीक्षक एवं फूड इंस्पेक्टर को भी नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं एसएडीओ कोसले की लापरवाही पर भी वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने केंद्र की सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल एवं वजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर धान विक्रय, टोकन जारी करने एवं भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। धान खरीदी केंद्र सांवतपुर में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कुल 650 पंजीकृत किसानों में से 400 से अधिक किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है, वहीं 43 हेक्टेयर से अधिक रकबे का समर्पण भी किया गया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान की रीसाइक्लिंग किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए और केवल किसानों की वास्तविक उपज का ही उपार्जन किया जाए। उन्होंने समिति प्रबंधकों से स्टेकिंग एवं धान विक्रय की स्थिति पर चर्चा की। धान खरीदी केंद्र धूमा में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी किसानों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को मिलों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि धान की रीसाइक्लिंग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, जिला खाद्य अधिकारी श्री हुलेश कुमार डड़सेना, जिला विपणन अधिकारी श्री मनोज यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें