ग्राम पंचायत गुल्लीडांड में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
नववर्ष के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में 32 टीमें ले रहीं भाग
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही।
नववर्ष के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत गुल्लीडांड में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन गुल्लीडांड ग्राम पंचायत क्षेत्र में चावल गोदाम के पीछे स्थित खेल मैदान में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जिले भर की पंचायत स्तरीय कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्रीमती गायत्री मार्को एवं ग्राम पंचायत गुल्लीडांड की सरपंच श्रीमती बिंदु बाई की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

आयोजकों द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता के सभी मैच टेनिस बॉल से खेले जाएंगे तथा प्रतियोगिता में LPW को छोड़कर सभी नियम लागू रहेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये एवं द्वितीय पुरस्कार 13,000 रुपये रखा गया है। वहीं प्रवेश शुल्क 1100 रुपये निर्धारित किया गया है। मैच के पहले दिन जिन टीमों के मैच निर्धारित हैं, उन्हें प्रवेश शुल्क में 200 रुपये की छूट भी दी गई है।

प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीण युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
कार्यक्रम में उपसरपंच श्री अशोक कुमार, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, खेल प्रेमी दर्शक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की गई।







