सुरों और शब्दों की महफिल में सजा वॉइस ऑफ जीपीएम सीजन-2

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

सुरों और शब्दों की महफिल में सजा वॉइस ऑफ जीपीएम सीजन-2
साजन पाठक बने विजेता, दीपक तिवारी उपविजेता

पेंड्रा | 05 जनवरी 2026

कर्मचारी प्रतिभा मंच जिला जीपीएम द्वारा आयोजित वॉइस ऑफ जीपीएम सीजन-2 का भव्य आयोजन 4 जनवरी, रविवार को असेंबली हाल, मल्टी परपज हायर सेकंडरी स्कूल, पेंड्रा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जीपीएम जिले के कर्मचारी-अधिकारियों ने गायन एवं काव्य पाठ के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सुरों की महफिल में जहां गायकों ने सुरीले गीतों से समां बांधा, वहीं कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

गायन प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल सारबहरा पेंड्रारोड के संगीत शिक्षक साजन पाठक ने श्रेष्ठ गायन का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। मरवाही के दीपक तिवारी को द्वितीय तथा जिला पंचायत के एपीओ कीर्ति कुशरो को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वास केशरवानी द्वारा भजन “बजाओ ढोल स्वागत में, मेरे घर राम आए हैं” से किया गया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने शास्त्रीय, सुगम एवं फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन के माध्यम से चयनित कुल 30 कर्मचारी-अधिकारियों ने भाग लिया।


प्रतियोगिता का मूल्यांकन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के संगीत प्रोफेसर डॉ. अभय दुबे, डीएवी स्कूल कुड़कई पेंड्रा के संगीत शिक्षक नीरज चौधरी तथा वरिष्ठ संगीतज्ञ उषा पवार की निर्णायक समिति द्वारा किया गया। विजेताओं को नगर पालिका गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे के सौजन्य से पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे एवं नगर पालिका पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से कर्मचारियों की छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कर्मचारी प्रतिभा मंच के प्रयासों की प्रशंसा की।
काव्य पाठ में नारायण कुशराम प्रथम, राजकुमारी सोनी द्वितीय
आयोजन के अंतर्गत आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में नारायण सिंह कुशराम ने प्रथम तथा राजकुमारी सोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कवियों की रचनाओं ने सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। दोनों विजेताओं को मंच की ओर से मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेडल भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
हेलमेट जागरूकता गीत की सीडी का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उद्देश्य से हेलमेट जागरूकता अभियान पर आधारित गीत की सीडी का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। जिला विरासत एवं कला मंच तथा कर्मचारी प्रतिभा मंच के सदस्यों ने गीत लेखन व गायन कर जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर कवि विश्वनाथ सोनी की रचना को लिपिबद्ध कर फोटो फ्रेम के रूप में अतिथियों को भेंट किया गया। साथ ही जिला स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के कैलेंडर का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अजय चौधरी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कर्मचारी प्रतिभा मंच जिला जीपीएम के संयोजक पीयूष गुप्ता सहित मंच के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कर्मचारी-अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें