नववर्ष पर शांति व कानून व्यवस्था के लिए पुलिस के कड़े इंतजाम

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

नववर्ष पर शांति व कानून व्यवस्था के लिए पुलिस के कड़े इंतजाम

जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू

संवाददाता – धनकुमार कौशिक/ बलौदा बाजार/31 दिसम्बर 2025

नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत संपूर्ण जिले को 04 अनुविभागों में विभाजित कर सुनियोजित तरीके से सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

बलौदाबाजार अनुविभाग में एसडीओपी बलौदाबाजार के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली, पलारी एवं चौकी करहीबाजार क्षेत्र में थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं भाटापारा अनुविभाग की कमान श्री तारेश साहू, एसडीओपी भाटापारा के हाथों में है, जिनके निर्देशन में थाना भाटापारा शहर, भाटापारा ग्रामीण, सिमगा एवं सुहेला क्षेत्र में लगातार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में कसडोल, लवन, राजादेवरी, गिधपुरी, गिधौरी, चौकी गिरौदपुरी, बया एवं सोनाखान थाना-चौकी क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व श्री कौशल किशोर वासनिक, उप पुलिस अधीक्षक कैम्प कसडोल को सौंपा गया है। उनके निर्देशन में संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा सतत निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यवाही की जा रही है।

नववर्ष के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर के उपयोग एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु श्री अमृत कुजूर, उप पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन में बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा एवं कसडोल में यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

जिले में कुल 19 पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं, जो रात्रि 8 बजे से लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। इसके अतिरिक्त गार्डन चौक, बस स्टैंड बलौदाबाजार, साईं मंदिर चौक पलारी, लवन बस स्टैंड, पुराना थाना चौक कसडोल, अस्पताल चौक भाटापारा सहित जिले के 30 महत्वपूर्ण स्थानों पर फिक्स पिकेट लगाकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नववर्ष के दौरान शांति एवं यातायात व्यवस्था हेतु कुल 150 पुलिस बल की तैनाती की गई है।

दिनांक 01 जनवरी 2026 को नववर्ष के प्रथम दिन जिले के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों जैसे गिरौदपुरी, सोनाखान, तुरतुरिया, बलार डैम, सोनबरसा जंगल, धमनी, बालसमुंद मंदिर, सेमरियाघाट सहित समस्त पिकनिक स्पॉट्स पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से नववर्ष को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने एवं किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें