जय ललिता साहू का भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल में चयन, अमोरा विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

जय ललिता साहू का भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल में चयन, अमोरा विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान

प्रथम प्रयास में सफलता, प्रशिक्षण पूर्ण कर उत्तराखण्ड में पदस्थ; छात्र-छात्राओं को किया देशसेवा के लिए प्रेरित

संवाददाता: अतुल गुप्ता, मुंगेली

मुंगेली। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम भिलाई (अमोरा) की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी जय ललिता साहू ने प्रथम प्रयास में ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद उनकी पदस्थापना उत्तराखण्ड में की गई है। प्रशिक्षण उपरांत गृह ग्राम आगमन पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अमोरा में उनका आत्मीय एवं गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जय ललिता साहू ने अपने शिक्षकों से सौजन्य भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी सफलता असंभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। उनके प्रेरक शब्दों से छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

ज्ञातव्य है कि जय ललिता साहू ने कक्षा बारहवीं तक की शिक्षा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अमोरा से प्राप्त की है। विद्यालय और शिक्षकों के प्रति उनका स्नेह एवं सम्मान देखकर विद्यालय परिवार भाव-विभोर हो उठा। प्राचार्य पी. डी. कौशिक ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उपप्राचार्य गोपेन्द्र श्रीवास एवं संकुल समन्वयक परमेश्वर पटेल ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जय ललिता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

सम्मान समारोह में व्याख्याता वाय. एन. गढ़ेवाल, एल. एन. पटेल, कु. एस. देवांगन, श्रीमती आर. उपाध्याय, एन. निर्मलकर, डॉ. डी. बैरागी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही प्रधान पाठक रमेश श्रीवास, शिक्षक अश्वनी साहू, कुलदीप पटेल, धनकुमार पटेल, भुनेश्वर भट्ट, राजकुमार पाण्डेय, अंकित साहू, लक्ष्मीनारायण यादव, श्रीमती हेमलता पटेल, हरकराम सिदार, राजेंद्र पटेल, सोनीलाल साहू सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में मौजूद रहे।

विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर जय ललिता साहू का अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।

Leave a Comment