नगर पंचायत बरेला में विद्युत विभाग ने मनाया छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव
राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत समारोह 2025–26 का आयोजन
संवाददाता: अतुल गुप्ता
ब्यूरो चीफ, मुंगेली
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (विद्युत विभाग) द्वारा नगर पंचायत बरेला में “छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव” अंतर्गत रजत समारोह 2025–26 का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष बरेला श्री नरेश पटेल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जनपद सदस्य भतरी श्री राज साहू, नगर पंचायत के पार्षदगण, भतरी सरपंच श्री संतोष बंजारे एवं भतरी उप सरपंच की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मंचस्थ अतिथियों के द्वारा एकल बत्ती कनेक्शन, घरेलू विद्युत कनेक्शन, कृषि पंप कनेक्शन, गैर-घरेलू कनेक्शन तथा पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत लाभान्वित उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर सहायक यंत्री श्री हरिनारायण लहरी द्वारा पीएम सूर्यघर योजना की संपूर्ण जानकारी उपस्थित नागरिकों को प्रदान की गई। उन्होंने योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं बिजली बचत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम स्थल पर पीएम सूर्यघर योजना के पंजीयन हेतु विशेष रजिस्ट्रेशन डेस्क की भी व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने योजना के तहत पंजीयन कराया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजन को लेकर नगर पंचायत बरेला में उत्साह का माहौल देखने को मिला।







