सुशासन दिवस पर बरेला को मिली बड़ी सौगात

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

सुशासन दिवस पर बरेला को मिली बड़ी सौगात

19.95 लाख की लागत से बने अटल परिसर व प्रतिमा का हुआ वर्चुअल लोकार्पण

अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ, मुंगेली

मुंगेली। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर जिले में सुशासन दिवस के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में नगर पंचायत बरेला में 19 लाख 95 हजार रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर एवं अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का भव्य वर्चुअल लोकार्पण किया गया। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

नगर पंचायत बरेला में हाई स्कूल के समीप आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपने नाम की तरह विचारों और निर्णयों में भी अटल थे। उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और भारत की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से स्थापित किया। विधायक मोहले ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आम नागरिकों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, उनके विचार और काव्य रचनाएं आज भी समाज को प्रेरित करती हैं। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को अटल जी का जन्मदिवस सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व की देन हैं, जिनसे ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।

नगर पंचायत बरेला के अध्यक्ष श्री नरेश पटेल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया। उन्होंने अटल जी की अमर पंक्तियों “कदम मिलाकर चलना होगा” का उल्लेख करते हुए आपसी सहयोग और समन्वय से आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा बच्चों को चॉकलेट भेंट कर खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर एसडीएम श्री अजय शतरंज, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय, नगर पंचायत बरेला के अध्यक्ष श्री नरेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें