27 दिसंबर को कोलिहा में सजेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का भव्य मंच
राज्य स्तरीय मड़ाई मेला व डांस प्रतियोगिता, 20 हजार तक के आकर्षक पुरस्कार
संवाददाता – धनकुमार कौशिक
छत्तीसगढ़ दस्तक 24 | बलौदा बाजार (डोंगरा)।
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कोलिहा में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नौवां छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय मड़ाई मेला एवं भव्य डांस प्रतियोगिता का आयोजन 27 दिसंबर, शनिवार को किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मड़ाई मेला का शुभारंभ दोपहर 2 बजे से होगा, जबकि डांस प्रतियोगिता रात्रि 8 बजे से प्रारंभ होगी। प्रतियोगिता में सामूहिक, युगल एवं एकल नृत्य की श्रेणियां रखी गई हैं, जिनमें प्रतिभागियों को ₹20,000 तक के आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत बलौदा बाजार के उपाध्यक्ष पवन कुमार साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत कोलिहा की सरपंच किरण गोविंद घृतलहरे करेंगी। वहीं जनपद व नगर पंचायत स्तर के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. हरिकिशन वर्मा ने बताया कि ठंड के मौसम को देखते हुए 8,000 से 10,000 दर्शकों के लिए बैठक, छाया, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन को सफल बनाने में नवयुवक जनजागरण समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय युवाओं का विशेष योगदान रहेगा।
यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का प्रयास है, बल्कि क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच भी प्रदान करेगा।







