निमधा में रामेश्वर इंडेन गैस एजेंसी का भव्य शुभारंभ, विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची बोले– ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

Picture of Aashis Shrivas

Aashis Shrivas

FOLLOW US:

SHARE:

मरवाही /प्रयास कैवर्त 

ग्राम पंचायत निमधा में आज क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात मिली, जब रामेश्वर इंडेन गैस एजेंसी का विधिवत शुभारंभ किया गया। एजेंसी का उद्घाटन मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक मरवाही डाक्टर केके धुव्र ,भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष लालजी यादव, बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष शंकर चक्रधारी, मंडल अध्यक्ष हेमचंद मरावी, प्रदेश कांग्रेस संयुक्त सचिव मनोज गुप्ता , लोकेश गुप्ता, भोजराज श्रीवास, मुकेश शर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने एजेंसी संचालक श्री प्रकाश जायसवाल को नई शुरुआत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उद्घाटन अवसर पर विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी की स्थापना से निमधा सहित आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब रसोई गैस के लिए दूर शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ ईंधन के उपयोग से उन्हें धुएं से मुक्ति मिलेगी और स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

विधायक ने आगे कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

एजेंसी संचालक श्री प्रकाश जायसवाल ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति और पारदर्शी सेवा प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एजेंसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रामेश्वर इंडेन गैस एजेंसी का शुभारंभ ग्राम पंचायत निमधा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Aashis Shrivas
Author: Aashis Shrivas

Leave a Comment

और पढ़ें