जिला पंचायत मुंगेली में एक दिवसीय डिजिटल प्रशिक्षण संपन्न

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

जिला पंचायत मुंगेली में एक दिवसीय डिजिटल प्रशिक्षण संपन्न

पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता बढ़ाने पर दिया गया विशेष जोर

अतुल गुप्ता /ब्यूरो चीफ, मुंगेली

मुंगेली। शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत मुंगेली के सभा कक्ष में i-GOT (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग), e-AEBAS (ई-उपस्थिति प्रणाली) एवं e-Office के क्रियान्वयन संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यालयीन कार्य संस्कृति को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि i-GOT कर्मयोगी, भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन प्रशिक्षण पोर्टल है, जिसके माध्यम से शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कौशल विकास, क्षमता निर्माण तथा कार्यकुशलता में निरंतर वृद्धि की जाती है। संचनालय एवं आयुक्त, महात्मा गांधी नरेगा के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को i-GOT प्लेटफॉर्म के माध्यम से न्यूनतम तीन कोर्स पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है, ताकि वे नवीन प्रशासनिक प्रक्रियाओं एवं डिजिटल तकनीकों से भली-भांति परिचित हो सकें।

इसी क्रम में e-AEBAS प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि इस प्रणाली के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित एवं पारदर्शी मॉनिटरिंग संभव होगी, जिससे अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

वहीं e-Office प्रणाली के अंतर्गत फाइल प्रबंधन, पत्राचार, नोटशीट, अनुमोदन एवं अन्य कार्यालयीन कार्यों को डिजिटल माध्यम से निष्पादित करने की प्रक्रिया को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि शासन की डिजिटल पहलें प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ कार्यों की गति को भी बढ़ाएंगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन डिजिटल प्रणालियों का नियमित उपयोग करते हुए पारंपरिक कार्यशैली से आगे बढ़कर डिजिटल कार्य संस्कृति को आत्मसात करने का आह्वान किया।

वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि i-GOT, e-AEBAS एवं e-Office जैसी आधुनिक प्रणालियां प्रशासनिक कार्यों को सरल, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने में अत्यंत सहायक हैं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का दैनिक कार्यालयीन कार्यों में प्रभावी ढंग से उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी सहित जनपद पंचायतों से नामांकित प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए डिजिटल प्रणाली को अपने कार्यों में अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Comment

और पढ़ें