श्रीराम लला दर्शन योजना के तहत 49 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना
जिला पंचायत कार्यालय से श्रीराम लला दर्शन योजना के अंतर्गत एक विशेष यात्रा दल को अयोध्या धाम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
आशीष श्रीवास / गौरेला पेंड्रा मरवाही
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती श्याममणी राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में कुल 49 हितग्राहियों को अयोध्या धाम दर्शन हेतु प्रस्थान कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने श्रीराम लला दर्शन योजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना शासन की एक अत्यंत जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और मर्यादा का प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से आमजन को अपने आराध्य के दर्शन सुलभ हो रहे हैं, जो एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है।

श्री पैकरा ने यह भी कहा कि शासन द्वारा हितग्राहियों की यात्रा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंध किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों की सराहना की और भविष्य में अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना का लाभ दिलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती श्याममणी राठौर ने भी हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीराम लला के दर्शन प्रत्येक सनातनी के लिए सौभाग्य की बात है और यह योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक आस्था को जोड़ने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावते, एपीओ श्री कीर्ति खुसरो एवं जनपद पंचायत गौरेला के एडीईओ श्री राजेश बरुआ की उपस्थिति भी रही। अधिकारियों ने यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा पर रवाना हुए सभी हितग्राहियों के चेहरों पर उत्साह और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक अविस्मरणीय क्षण है।







