अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से गांव-गांव पहुंची शहर जैसी सेवाएं

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से गांव-गांव पहुंची शहर जैसी सेवाएं

बिजली बिल भुगतान से लेकर सरकारी योजनाओं तक, ग्रामीणों को बड़ी राहत

संवाददाता : अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ मुंगेली

मुंगेली– डिजिटल इंडिया अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में स्थापित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीण जीवन में बदलाव का माध्यम बन रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को अब बैंकिंग, शासकीय योजनाओं और डिजिटल सेवाओं के लिए शहरों अथवा दूरस्थ सेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनका समय, मेहनत और खर्च तीनों की बचत हो रही है।

ग्राम पंचायत पंडरभट्ठा निवासी श्रीमती गोदावरी पटेल ने बताया कि पहले महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त करने, बिजली बिल भुगतान एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें गांव से बाहर जाना पड़ता था। कई बार भीड़ और तकनीकी समस्याओं के कारण काम अधूरे रह जाते थे। लेकिन अब ग्राम पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खुल जाने से वे अपने ही गांव में सुरक्षित और सहज तरीके से इन सभी सेवाओं का लाभ ले पा रही हैं।

श्रीमती गोदावरी पटेल ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि के साथ-साथ बिजली बिल भुगतान, विभिन्न शासकीय सेवाओं और डिजिटल लेन-देन की सुविधा मिल रही है। इससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है और बार-बार बाहर जाने की जरूरत समाप्त हो गई है।

उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से गांव में ही शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे ग्रामीण जीवन पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक बन गया है। उन्होंने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि जिले की 240 से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को नकद आहरण एवं जमा, यूपीआई के जरिए फंड ट्रांसफर, डिजिटल भुगतान, पेंशन और बीमा सेवाएं, किसान क्रेडिट कार्ड एवं मुद्रा लोन के लिए आवेदन की सुविधा मिल रही है।

इसके साथ ही आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि दस्तावेज, राशन कार्ड, मतदाता सूची से जुड़े कार्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, मनरेगा भुगतान, बिजली और पानी के बिल का भुगतान, यात्रा टिकट बुकिंग जैसी अनेक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिले में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों की यह पहल डिजिटल सशक्तिकरण, सुशासन और ग्रामीण विकास की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में सामने आ रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें