आगर नदी पर एनीकट निर्माण से बदलेगी बुधवारा क्षेत्र की तस्वीर

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

आगर नदी पर एनीकट निर्माण से बदलेगी बुधवारा क्षेत्र की तस्वीर
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने किया 3.37 करोड़ की परियोजना का भूमिपूजन

संवाददाता : अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ मुंगेली

मुंगेली विकासखंड के ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित एनीकट निर्माण का भूमिपूजन बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू के करकमलों से संपन्न हुआ। लगभग 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह 60 मीटर लंबा एनीकट क्षेत्र में जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और ग्रामीण आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।


एनीकट के निर्माण से ग्राम बुधवारा एवं दुल्लापुर के बीच सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा, जिससे दोनों गांवों के बीच की दूरी कम होगी और वर्ष भर संपर्क बना रहेगा। इसके साथ ही यह परियोजना गर्मी के मौसम में भू-जल रिचार्ज को बढ़ावा देगी तथा सेमरकोना से अमरटापू तक जल उपलब्धता सुनिश्चित करेगी, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।


भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। एनीकट निर्माण से क्षेत्र में स्थायी जल स्रोत उपलब्ध होगा, सिंचाई रकबे में वृद्धि होगी और किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। यह परियोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं खेती को लाभकारी बनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा भी सुनिश्चित करती हैं।
कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री हेमेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि एनीकट निर्माण से लगभग 41 हेक्टेयर रबी एवं 41 हेक्टेयर खरीफ फसलों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी, जिससे किसानों को दो फसली खेती का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment