पंडवानिया में सरपंच–उपसरपंच कप क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, पवन पैकरा की उपस्थिति ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
संवाददाता: आशीष श्रीवास / पेंड्रा
दिनांक 30 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत पंडवानिया में खेल भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरपंच–उपसरपंच कप क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एक ही ग्राम पंचायत की विभिन्न टोलों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे गांव में खेल का माहौल बना रहा।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कटेल टोला एवं टिकरी टोला की टीम आमने–सामने रही। रोमांचक मुकाबले में कटेल टोला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टिकरी टोला को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल कौशल और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करता है। श्री पैकरा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष गौरेला श्री शिवनाथ बघेल, ग्राम पंचायत पंडवानिया के सरपंच श्री महेश पाव, उपसरपंच प्रतिनिधि मंडल महामंत्री गौरेला श्री घनश्याम राठौर भी मंचासीन रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया तथा आयोजन समिति की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पंडवानिया के ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ मैच का आनंद लिया। समापन अवसर पर विजेता टीम कटेल टोला को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूरे आयोजन ने ग्राम पंचायत पंडवानिया में सामाजिक समरसता, भाईचारे और खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की। प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।







