संपूर्णता अभियान 2.0 से आकांक्षी ब्लॉक के विकास को नई दिशा, तरईगांव में भव्य आयोजन

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

संपूर्णता अभियान 2.0 से आकांक्षी ब्लॉक के विकास को नई दिशा, तरईगांव में भव्य आयोजन

संवाददाता: आशीष श्रीवास, पेंड्रा

आकांक्षी ब्लॉक के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित #संपूर्णता_अभियान_2.0 के अंतर्गत दिनांक 30 जनवरी 2026 को गौरेला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला, तरईगांव में एक भव्य एवं उद्देश्यपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा अपने जिला पंचायत क्षेत्र की ओर से प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्य अतिथि मरवाही विधायक एवं मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपच्ची के साथ मंच साझा किया।


कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मांडवी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री मुकेश रावते की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को प्रशासनिक दृष्टि से विशेष महत्व प्राप्त हुआ। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसके प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।


कार्यक्रम का उद्देश्य आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, महिला एवं बाल विकास, आधारभूत संरचना, कौशल विकास एवं रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जमीनी स्तर पर योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।


जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने अपने संबोधन में कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 शासन की एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन हो रहे हैं। श्री पैकरा ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि संपूर्णता अभियान सरकार की प्राथमिक योजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सामूहिक सहभागिता से ही इस अभियान के लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री लालजी यादव, जिला उपाध्यक्ष श्री लूसन राठौर, जिला महामंत्री श्री कुबेर सर्राटी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री शंकर चक्रधारी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जनपद अध्यक्ष श्री शिवनाथ बघेल, जिला पंचायत सदस्य श्री भंवर सिंह गोवास, श्रीमती राजेश नंदिनी सहित जिले के समस्त पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से आकांक्षी ब्लॉक के सर्वांगीण विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया गया।

Leave a Comment