देवर गांव में मुक्तिधाम निर्माण का भूमि पूजन, सड़क मरम्मत कार्य भी शुरू
जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा के प्रयासों से क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात
संवाददाता – आशीष श्रीवास
देवर गांव (गौरेला–पेंड्रा–मरवाही)
जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत गृह ग्राम पंचायत देवर गांव में गुरुवार को ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुक्तिधाम निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत देवर के सरपंच प्रतिनिधि श्री पूरन सिंह धुर्वे, पूर्व सरपंच श्री देवशरण टेकाम, पंचगण श्री इंद्रपाल आमों, श्री सुमरन पोताम, श्री कोदू भानु, श्री दिनेश अगरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। साथ ही ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिक श्री गणेश भानु, श्री सालिक भानु, श्री कमलेश यादव की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामयी बनाया।

भूमि पूजन कार्यक्रमयू के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने कहा कि मुक्तिधाम का निर्माण गांव के लिए अत्यंत आवश्यक था। इससे अंतिम संस्कार जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक प्रक्रिया को सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित से जुड़े कार्य प्राथमिकता के साथ कराए जाएंगे।

जर्जर सड़क की मरम्मत से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
मुक्तिधाम भूमि पूजन के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को एक और बड़ी राहत मिली है। जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा के अथक प्रयासों से गौरेला केडिया पेट्रोल पंप से देवर गांव होते हुए पकारिया पहुंच मार्ग तक खराब हो चुकी सड़क के गड्ढों की डामरीकरण रिपेयरिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सड़क मरम्मत कार्य के निरीक्षण हेतु स्वयं जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा मौके पर पहुंचे। उनके साथ लोक निर्माण विभाग (PWD) की ई. श्रीमती नित्या ठाकुर, एसडीओ श्री साहू एवं सब इंजीनियर श्री अजय सप्रे भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समयसीमा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क मरम्मत शुरू होने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। क्षेत्रवासियों ने मुक्तिधाम निर्माण एवं सड़क मरम्मत जैसे जनहितकारी कार्यों के लिए जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा का आभार जताया।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। लोगों ने कहा कि एक ही दिन में गांव को दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिलना सराहनीय है। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास कार्य होंगे।







