कलेक्टर व एसपी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा, अवैध धान खरीदी पर सख्ती के निर्देश

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

कलेक्टर व एसपी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा, अवैध धान खरीदी पर सख्ती के निर्देश

सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

संवाददाता — अतुल गुप्ता/ब्यूरो चीफ, मुंगेली

मुंगेली/जिले में कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने संयुक्त रूप से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, धान खरीदी व्यवस्था तथा संभावित संवेदनशील परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बैठक में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, तहसीलदार तथा डीएसपी-टीआई के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उनके आपसी सहयोग से किसी भी अप्रिय स्थिति पर समय रहते नियंत्रण किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की हड़ताल, धरना या प्रदर्शन नहीं होने दिया जाए। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के स्कूली छात्र-छात्राओं की किसी भी रैली या प्रदर्शन में सहभागिता पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध रूप से धान के परिवहन एवं खपत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध धान खपाने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा विशेष रूप से वन एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए। संबंधित दुकानों एवं केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम से विकासखंडवार धान खरीदी की जानकारी ली तथा खुड़िया, छपरवा एवं अखरार जैसी संवेदनशील समितियों में नियमित जांच के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कहा कि जिले में सक्रिय नामी कोचियों, बिचौलियों तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अवैध धान की हेराफेरी पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आने-जाने वाले सभी धान लदे वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए। बिना नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन को जिले में प्रवेश न देने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, सभी एसडीएम, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार सहित पुलिस विभाग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, एएसपी श्री मयंक तिवारी, सभी डीएसपी, टीआई एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें