आयुक्त सह संचालक श्री सिन्हा ने जिले के विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

आयुक्त सह संचालक श्री सिन्हा ने जिले के विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण

चौपाल लगाकर वीबीजी रामजी के प्रावधानों पर की चर्चा, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

ग्राम रामगढ़ व अमलीडीह पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत का लिया जायजा

आजीविका डबरी निर्माण को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के दिए निर्देश: आयुक्त श्री सिन्हा

अतुल गुप्ता/ब्यूरो चीफ

मुंगेली, 03 जनवरी 2026//

आयुक्त सह संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के साथ जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर वीबीजी रामजी योजना के प्रावधानों की जानकारी दी तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।

आयुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि वीबीजी रामजी योजना ग्रामीण परिवारों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे ग्रामीण भारत का आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री सिन्हा ग्राम रामगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आजीविका डबरी निर्माण कार्य का निरीक्षण कर इसे अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आवास चौपाल का आयोजन कर हितग्राहियों से सीधा संवाद किया गया।

चौपाल के दौरान हितग्राही श्री रामकुमार यादव ने बताया कि डबरी निर्माण के पश्चात मछली पालन एवं अरहर की खेती से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने मछली विक्रय से लगभग 40 हजार रुपए तथा अरहर फसल से 20 हजार रुपए की आमदनी होने की जानकारी दी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

इसके पश्चात ग्राम रामगढ़ में अमृत सरोवर योजना अंतर्गत महामाया महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे मछली पालन कार्य का निरीक्षण किया गया। समूह की महिलाओं ने बताया कि लगभग साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में मछली पालन कर प्रतिवर्ष करीब 3 लाख रुपए की आय अर्जित की जा रही है। इस सफलता के लिए महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयुक्त सह संचालक श्री सिन्हा ने ग्राम अमलीडीह पहुंचकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। भवन निर्माण की गुणवत्ता देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से मुलाकात कर उन्हें दिए जा रहे पोषण आहार की जानकारी ली तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित कर पढ़ाई और खेलकूद के लिए प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण के दौरान श्री सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चौपाल को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा के माध्यम से पशुपालन शेड, डबरी निर्माण, कुआं निर्माण, वृक्षारोपण जैसे कार्य स्वीकृत कर ग्रामीण अपनी आय बढ़ा सकते हैं। साथ ही जनमन आवास योजना, शौचालय निर्माण, महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़कर मछली पालन, शूकर पालन एवं अन्य पशुधन आधारित गतिविधियों से आजीविका संवर्धन के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

महिला समूहों द्वारा सेंट्रिक प्लेट व्यवसाय के माध्यम से 10 हजार रुपए से अधिक का व्यापार किए जाने की जानकारी भी दी गई, जिससे ग्रामीणों को कम दर पर निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

आयुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण आत्मनिर्भर बनें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें