हर्राटोला में क्रिकेट का रोमांचक फाइनल, लालपुर बनी विजेता — जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा की पहल से कोरजा में बनेगा नया क्रिकेट ग्राउंड
आशीष श्रीवास / गौरेला पेंड्रा मरवाही
हर्राटोला, 17 फरवरी 2026। ग्राम पंचायत हर्राटोला में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को उत्साह और रोमांच के माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मैच लालपुर और सगरापारा की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कड़े मुकाबले के बाद लालपुर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। मैदान में उपस्थित सैकड़ों ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रणव कुमार मरपच्ची, मरवाही विधायक एवं उपाध्यक्ष मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में डॉ. लुशन राठौर, जिला उपाध्यक्ष भाजपा, पवन पैकरा, जिला पंचायत सदस्य, सरिता राठौर, जिला महामंत्री महिला मोर्चा, अशोक पेंड्रो, जिला अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा, सिद्धार्थ दुबे, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा, तथा शिवनाथ बघेल, अध्यक्ष जनपद गौरेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए युवाओं को खेलों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विशेष रूप से जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए खेल प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है, जो जीवन में सफलता की आधारशिला है। पवन पैकरा ने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।

इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पवन पैकरा ने अपने जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरजा में युवाओं एवं खिलाड़ी भाइयों के लिए क्रिकेट खेलने हेतु प्रस्तावित क्रिकेट ग्राउंड का विधिवत भूमि पूजन किया। इस घोषणा और भूमि पूजन से क्षेत्र के युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया। आने वाले समय में इस ग्राउंड के निर्माण से स्थानीय स्तर पर बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कार्यक्रम में महेश राठौर, जितेंद्र धुर्वे, अजय तिवारी, धीरज सिंह राठौर, घनश्याम राठौर, दशरथ राठौर, भागवत राठौर, संजय पाल, दीपक साहू, जितेंद्र राज धुर्वे, माखन साहू, गौरी सिंह, राजेश कोरी, रमेश साहू, भारत मार्को, अमोल कुशराम, राजकुमार साहू, रमेश यादव, मोहित यादव, राजेश राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने ग्रामीण एकता, खेल भावना और विकास की सकारात्मक सोच को एक नई दिशा दी, जिसमें जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।







