मुंगेली जिले को मिली बड़ी सौगात, ₹3.37 करोड़ की लागत से बनने वाले एनीकट का केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया भूमिपूजन
एनीकट से बढ़ेगा सिंचित रकबा, मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
संवाददाता : अतुल गुप्ता/ ब्यूरो चीफ, मुंगेली
मुंगेली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने मुंगेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर प्रस्तावित ₹3 करोड़ 37 लाख की लागत से बनने वाले 60 मीटर लंबे एनीकट निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों के लिए जल संरक्षण, सिंचाई और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि एनीकट निर्माण से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा, भू-जल स्तर में वृद्धि तथा सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। इस परियोजना से ग्राम बुधवारा और दुल्लापुर के बीच सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा, जिससे दोनों गांवों के बीच दूरी कम होगी और आवासीय व कृषि गतिविधियों को बल मिलेगा।
उन्होंने बताया कि एनीकट के माध्यम से ग्रीष्मकाल में भू-जल रिचार्ज को बढ़ावा मिलेगा तथा सेमरकोना से अमरटापू तक जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा मिलेगी और फसल उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। श्री साहू ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र में स्थायी जल स्रोत उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगी।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री हेमेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि इस एनीकट परियोजना से लगभग 41 हेक्टेयर रबी एवं 41 हेक्टेयर खरीफ फसलों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
इस अवसर पर मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं किसानों ने इस जनकल्याणकारी परियोजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।







