जिला पंचायत में गरिमामय ढंग से मनाया गया गणतंत्र दिवस
अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, संविधान के मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश
अतुल गुप्ता | ब्यूरो चीफ,मुंगेली
जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इसी कड़ी में जिला पंचायत परिसर में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह की शुरुआत की। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने जिलेवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने सभी से संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान के प्रति हमारी आस्था और कर्तव्यों की याद दिलाने का अवसर है। हमें अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाते हुए देश और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने भी गणतंत्र दिवस की बधाई दी और कहा कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से जिले का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहितकारी योजनाओं को पूरी निष्ठा के साथ क्रियान्वित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।







