पड़वनिया में विकास को नई गति, चेक डेम व सड़क निर्माण का हुआ विधिवत भूमि पूजन
आशीष श्रीवास
पड़वनिया (गौरेला–पेंड्रा–मरवाही)
दिनांक 25 जनवरी 2026 को जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़वनिया में ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चेक डेम निर्माण एवं लगभग 1 किलोमीटर सीसी/डामर सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम में विशेष रूप से क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य श्री भंवर सिंह गोवाश, ग्राम पंचायत पड़वनिया के सरपंच श्री महेश पाव, उपसरपंच प्रतिनिधि, मंडल महामंत्री गौरेला श्री घनश्याम राठौर, पंच प्रतिनिधि श्री ओमप्रकाश राठौर, पंच प्रतिनिधि कोमल, रोहित राठौर, पंच संदीप पाव, पूरन यादव, विश्वनाथ पाव, मुकेश गुर्जर, परमात्मा पाव, ब्रह्मा पाव, प्रेम गुर्जर, भोलू यादव, निलेश पाव, कुंभकरण पाव सहित ग्राम पंचायत के सभी वार्डों के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री पवन पैकरा ने अपने संबोधन में कहा कि चेक डेम निर्माण से क्षेत्र में वर्षा जल का संरक्षण होगा, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि होगी और किसानों को खरीफ व रबी दोनों फसलों के लिए सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे खेती-किसानी मजबूत होगी और ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में चेक डेम एक स्थायी समाधान सिद्ध होगा।
साथ ही 1 किलोमीटर सड़क निर्माण को ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि सड़क बनने से गांव का सीधा संपर्क मुख्य मार्गों से मजबूत होगा। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से ग्रामीणों को निजात मिलेगी और आपातकालीन सेवाएं भी समय पर उपलब्ध हो सकेंगी।
क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य श्री भंवर सिंह गोवाश ने कहा कि राज्य एवं जिला स्तर पर सरकार द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, पानी और सिंचाई जैसे बुनियादी कार्यों को प्राथमिकता में शामिल किया गया है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।
सरपंच श्री महेश पाव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्राम पंचायत पड़वनिया में लंबे समय से इन कार्यों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। भूमि पूजन के साथ अब कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष गांव से जुड़ी अन्य समस्याओं और आवश्यकताओं को भी रखा, जिस पर जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने मिलकर विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन की कामना की।
यह भूमि पूजन कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और ग्राम पंचायत पड़वनिया के विकास की दिशा में इसे एक मील का पत्थर माना जा रहा है।







