अखंड नवधा रामायण समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू हुए शामिल

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

अखंड नवधा रामायण समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू हुए शामिल

ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल

अतुल गुप्ता/ ब्यूरो चीफ, मुंगेली

जिले के ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में आयोजित अखंड नवधा रामायण पाठ का भव्य समापन समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं आस्था के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम से प्रदेश एवं देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को मर्यादा, सत्य, सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला महान ग्रंथ है। रामायण के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों की एकजुटता, धार्मिक भावना और सहभागिता की सराहना की।

इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, ग्राम पंचायत घुठेरा के सरपंच श्री नारायण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का ग्रामवासियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

समापन समारोह के दौरान अखंड नवधा रामायण पाठ करने वाले मानस मंडल का सम्मान किया गया। भजन-कीर्तन, रामधुन एवं “जय श्रीराम” के उद्घोष से संपूर्ण ग्राम भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से रामायण पाठ का श्रवण किया और धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई। ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा के सरपंच श्री नारायण साहू ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी में संस्कार और संस्कृति के प्रति आस्था उत्पन्न करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए समस्त ग्रामवासियों, अतिथियों एवं आयोजक समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में हर्ष, उल्लास और भक्तिभाव का वातावरण बना रहा।

Leave a Comment