शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही उजागर
शासकीय हाई स्कूल भाडी में छात्रा छत से गिरी, गंभीर रूप से घायल — इलाज में देरी पर उठे सवाल
पेंड्रा (गौरेला–पेंड्रा–मरवाही)
विकासखंड पेंड्रा अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल भांडी में शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्कूल समय के दौरान कक्षा 9वीं की छात्रा संतोषी, पिता हुबलाल, स्कूल भवन की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा गुरुवार 15 जनवरी 2026 को हुआ, जिसने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार, दुर्घटना के बाद छात्रा को गंभीर चोटें आईं, लेकिन इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन द्वारा तत्काल समुचित चिकित्सकीय उपचार नहीं कराया गया। आरोप है कि प्राचार्य सहित जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले को हल्के में लिया, जिससे घायल छात्रा को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया।
घटना के लगभग दो दिन बाद छात्रा को जिला अस्पताल ले जाकर एक्स-रे कराया गया, जिसमें घुटने के नीचे की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। परिजनों का आरोप है कि आज तक उन्हें एक्स-रे रिपोर्ट की हार्ड कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट केवल प्राचार्य कांति टोप्पो के मोबाइल फोन में मौजूद है, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, उन्होंने संबंधित प्राचार्य को छात्रा के समुचित इलाज हेतु तत्काल जिला अस्पताल ले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं घायल छात्रा से बात कर इलाज की स्थिति की जानकारी लेने की बात कही है।

हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद समय पर सूचना विभाग तक क्यों नहीं पहुंची और तत्काल उपचार में हुई देरी की जिम्मेदारी किसकी है। साथ ही स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, छात्रों की छत तक पहुंच, और निगरानी प्रणाली की भी गहन जांच की मांग उठ रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







