धनौली में डीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा की अगुवाई में हुआ ऐतिहासिक आयोजन
संवाददाता – आशीष श्रीवास,पेंड्रा
जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनौली में आयोजित डीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन समारोह दिनांक 17 जनवरी 2026 को खेल, उत्साह और जनभागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। इस पूरे आयोजन का मार्गदर्शन एवं प्रेरणा स्रोत जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा रहे, जिनके प्रयासों से ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली।

टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में लालपुर एवं धनौली की टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें धनौली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लालपुर को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। अंतिम मुकाबले को देखने के लिए धनौली सहित आसपास के ग्राम पंचायतों से हजारों की संख्या में दर्शक मैदान में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी के, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानेंद्र उपाध्याय, मंडल महामंत्री घनश्याम राठौर, क्षेत्रीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि मुरारी जी, ग्राम पंचायत धनौली की सरपंच श्रीमती पूजा कोल जी, उपसरपंच श्री सुखलाल बैगा जी सहित आसपास के ग्राम पंचायतों के वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी युवा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।
अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि डीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट ने क्षेत्र के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए खेल और स्वास्थ्य की ओर प्रेरित किया है। कार्यक्रम के दौरान विजेता धनौली एवं उपविजेता लालपुर टीम को ट्रॉफी, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया तथा सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने आयोजन समिति के सभी साथियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह आयोजन ऐतिहासिक और सफल बन सका।
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।







