बसंत पंचमी पर माँ परमेश्वरी अंगारमोती मंदिर में भव्य महा दुग्धाभिषेक, 23 जनवरी को उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

बसंत पंचमी पर माँ परमेश्वरी अंगारमोती मंदिर में भव्य महा दुग्धाभिषेक, 23 जनवरी को उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

संवाददाता – अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ, मुंगेली

बसंत पंचमी के पावन अवसर पर माता परमेश्वरी अंगारमोती माता मंदिर, पंडरिया रोड मुंगेली में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य महा दुग्धाभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

मंदिर समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह भव्य आयोजन 23 जनवरी 2026, शुक्रवार को संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगे। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ निकाली जाने वाली इस कलश यात्रा से पूरा नगर भक्तिरस में डूब जाएगा।

कलश यात्रा के पश्चात दोपहर 12 बजे माता परमेश्वरी अंगारमोती माता का महा दुग्धाभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया जाएगा। इस दौरान माता रानी को दूध, दही, घी, शहद एवं पंचामृत से अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की जाएगी। अभिषेक उपरांत श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

शाम 05 बजे मंदिर प्रांगण में भव्य महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें माता रानी की दिव्य आरती के साथ पूरे क्षेत्र के कल्याण हेतु प्रार्थना की जाएगी। महाआरती के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

मां परमेश्वरी अंगारमोती माता मंदिर समिति मुंगेली ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस महा दुग्धाभिषेक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें तथा माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें। समिति का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारा, एकता एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।

उल्लेखनीय है कि मां परमेश्वरी अंगारमोती माता मंदिर मुंगेली क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रहती है। इस भव्य आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्प सजावट एवं धार्मिक तोरण द्वारों से सजाया जा रहा है तथा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस आयोजन की जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन द्वारा दी गई।

Leave a Comment

और पढ़ें