धान उपार्जन में बड़ा घोटाला उजागर: नवागांव (ची.) केंद्र में 234 बोरी अतिरिक्त धान, खरीदी प्रभारी व कंप्यूटर ऑपरेटर निलंबित

Picture of Chhattisgarh Dastak 24

Chhattisgarh Dastak 24

FOLLOW US:

SHARE:

धान उपार्जन में बड़ा घोटाला उजागर: नवागांव (ची.) केंद्र में 234 बोरी अतिरिक्त धान, खरीदी प्रभारी व कंप्यूटर ऑपरेटर निलंबित

कलेक्टर कुन्दन कुमार का सख्त अल्टीमेटम—अनियमितता, आर्थिक नुकसान और नियम उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई

अतुल गुप्ता

ब्यूरो चीफ, मुंगेली

मुंगेली, 07 जनवरी 2026

जिले में धान उपार्जन व्यवस्था की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए उपार्जन केंद्र नवागांव (ची.) में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। स्टेट स्तर से प्राप्त अलर्ट के आधार पर की गई जांच में केंद्र में 234 बोरी अतिरिक्त धान पाए जाने की पुष्टि हुई है, जो ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज मात्रा से कहीं अधिक था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस अतिरिक्त धान को अन्य किसानों के नाम पर खपाने की सुनियोजित तैयारी की जा रही थी, जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति हो सकती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेट अलर्ट में यह संकेत मिला था कि जारी डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) के अनुरूप मिलर को कम मात्रा में धान भेजा गया है, जबकि उपार्जन केंद्र में अपेक्षा से अधिक धान संग्रहित किया गया है। इस गंभीर सूचना को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर राजस्व, सहकारिता एवं खाद्य विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर उपार्जन केंद्र का भौतिक सत्यापन कराया गया।

संयुक्त टीम द्वारा किए गए सत्यापन में उपार्जन केंद्र नवागांव (ची.) में 234 बोरी धान अतिरिक्त पाया गया, जो स्पष्ट रूप से ऑनलाइन रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा था। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद सहायक आयुक्त सहकारिता द्वारा खरीदी प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। किंतु दोनों अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए निलंबित कर दिया गया है।

इतना ही नहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों के विरुद्ध सेवा से पृथक करने की कार्रवाई प्रारंभ करने के भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि धान उपार्जन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हेराफेरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस पूरे प्रकरण के बाद कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों के खरीदी प्रभारियों एवं मिलर्स की आपात बैठक ली। बैठक में उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी उपार्जन केंद्र में अनियमितता, शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास अथवा नियमों की अवहेलना सामने आती है, तो संबंधितों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत या भ्रष्टाचार किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं होगा।

कलेक्टर के सख्त रुख और त्वरित कार्रवाई के बाद जिले के अन्य धान उपार्जन केंद्रों में भी हड़कंप का माहौल है, वहीं प्रशासन की इस कार्रवाई से ईमानदार किसानों और उपभोक्ताओं में भरोसा मजबूत हुआ है।

Leave a Comment