ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, मड़वाही ने रोमांचक मुकाबले में करहनी को हराया

गौरेला–पेंड्रा–मरवाही/प्रयास कैवर्त
जनपद पंचायत मरवाही अंतर्गत ग्राम पंचायत मड़वाही में आयोजित ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हो गया। फाइनल मुकाबला ग्राम मड़वाही और करहनी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दर्शकों को रोमांचक खेल देखने को मिला। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
निर्धारित 8-8 ओवर के इस फाइनल मैच में करहनी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मड़वाही की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7.4 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ मड़वाही की टीम ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राजेश नंदनी आर्मो उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता टीम मड़वाही को ट्रॉफी एवं 15,000 रुपये की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया, वहीं उपविजेता टीम करहनी को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर श्रीमती राजेश नंदनी आर्मो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे खेल को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने करियर के रूप में भी अपनाने का प्रयास करें। नियमित अभ्यास, समर्पण और सकारात्मक सोच से खिलाड़ी बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी|
कार्यक्रम के दौरान जनपद सदस्य रजनी भानु, ग्राम पंचायत मड़वाही के सरपंच लखन सिंह पेन्द्रों, उपसरपंच बसंत लाल, भाजपा कार्यकर्ता श्याम नारायण अमलेश, पंच अनिल, छक्के लाल, अनिल साहू, भेलन सिंह और संतराम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।
ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता ने न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि गांवों में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा दिया। आयोजकों के प्रयासों से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई और भविष्य में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
Author: Awas Kaiwart
Learning about journalism and latest technology.







