
जिला पंचायत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के सीईओ मुकेश राउटे ने आज जनपद पंचायत मरवाही अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति का विशेष रूप से जायजा लिया।
सीईओ ने ग्राम पंचायत गुदुम देवरी में मनरेगा के तहत चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया, जहां लगभग 200 मजदूर कार्यरत मिले। उन्होंने मजदूरों के बीच पहुंचकर मजदूरी भुगतान की जानकारी ली और पूछा कि भुगतान समय पर मिल रहा है या नहीं। इस दौरान सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक को निर्देशित किया गया कि योजनाबद्ध तरीके से अधिक से अधिक जल रिचार्ज एवं जल संरक्षण के कार्य प्रस्तावित किए जाएं, ताकि क्षेत्र में जल स्तर बढ़ाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर उपस्थित ऐसे मजदूर जिनके प्रधानमंत्री आवास अधूरे हैं, उन्हें जल्द से जल्द आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके बाद सीईओ ने ग्राम पंचायत नरौर एवं चिचगोहाना में निर्माणाधीन चेक डैम कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि चेक डैम के पूर्ण होने से लगभग 50 से 60 किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे किसान दो फसल ले सकेंगे।
ग्राम पंचायत मड़वाही में भी अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया गया, जहां हितग्राहियों को शीघ्र आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने अधिकारियों को सभी लंबित आवासों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ के इस निरीक्षण से जल संरक्षण कार्यों एवं आवास निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।







