
मरवाही/प्रयास कैवर्त
नगर पंचायत मरवाही क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवनियुक्त युवा मोर्चा अध्यक्ष आदित्य सोनी द्वारा उठाई गई मांगों पर वार्ड पार्षद अमर गुप्ता ने विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों के लिए राशि की अनुशंसा की है। इन कार्यों में यात्रियों की सुविधा, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड परिसर में यात्रियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर लगाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे प्रतिदिन बस स्टैंड आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसी प्रकार शासकीय महाविद्यालय मरवाही के पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के लिए एडवांस सिटिंग अरेंजमेंट (आधुनिक बैठक व्यवस्था) हेतु फर्नीचर की व्यवस्था के लिए राशि अनुशंसित की गई है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा और वे सुविधाजनक तरीके से अध्ययन कर सकेंगे।
इसके अलावा नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था को ध्यान में रखते हुए वट वृक्ष वेदिका (चबूतरा) निर्माण तथा शिव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। यह स्थल धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के बैठने के लिए भी उपयोगी रहेगा।
वार्ड पार्षद अमर गुप्ता ने कहा कि मरवाही के सर्वांगीण विकास और जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है और वे क्षेत्र में लगातार जनहित के कार्य करते रहेंगे। वहीं युवा मोर्चा अध्यक्ष आदित्य सोनी ने पूर्व में सार्वजनिक प्रसाधन सुविधा में सुधार कराए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए मरवाही क्षेत्र में अन्य आवश्यक जनसुविधा कार्यों के लिए भी मांग रखी थी, जिस पर अब कार्रवाई की जा रही है।
इन विकास कार्यों की घोषणा के बाद नगरवासियों एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से मरवाही नगर में मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।







