करंगरा में जनजाति परिवारों से मिले जिला पंचायत सदस्य पवन, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर की चर्चा
100 दिन की जगह अब 125 दिन तक मिलेगा रोजगार, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
धनौली (13 मार्च 2026 )/आशीष श्रीवास
जिला पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनौली अंतर्गत करंगरा गांव में जिला पंचायत सदस्य पवन ने जनजाति समाज के परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के स्वास्थ्य, रोजगार और छोटे बच्चों की शिक्षा की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा उनसे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

जिला पंचायत सदस्य पवन ने ग्रामीणों को केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णु देव सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में ग्रामीणों को मिलने वाले रोजगार के अवसरों को बढ़ाते हुए अब 100 दिनों के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन करने की पहल की जा रही है, जिससे गरीब और मजदूर परिवारों को अधिक आर्थिक सहयोग मिलेगा।

उन्होंने ग्रामीणों को जी-राम-जी (G RAM G) योजना के बारे में भी विस्तार से बताया और कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं।

राशन दुकान में नेटवर्क समस्या से ग्रामीण परेशान
भेंट-मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि करंगरा की राशन दुकान में नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। नेटवर्क न होने के कारण मशीन काम नहीं करती, जिसके चलते कई बार राशन दुकान के बजाय सड़क पर लाकर वितरण करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को काफी असुविधा होती है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सदस्य पवन ने कहा कि गांव में नेटवर्क टावर की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस विषय को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर करंगरा में नेटवर्क टावर लगाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे, ताकि आने वाले समय में ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, समाधान का दिया भरोसा
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पवन ने ग्रामीणों की अन्य समस्याओं को भी ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए वे लगातार काम करते रहेंगे।
गांव में पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को सुनने पर ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य पवन का आभार व्यक्त किया।







