गिरौदपुरी धाम में मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत, संत समागम में हुए शामिल

Picture of Aashis Shrivas

Aashis Shrivas

FOLLOW US:

SHARE:

 

संवाददाता: धनकुमार कौशिक छत्तीसगढ़ दस्तक 24, बलौदाबाजार

बलौदाबाजार (डोंगरा)। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को सतनामी समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र एवं बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि व तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में आयोजित संत समागम एवं गुरुदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। उनके आगमन पर हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री के आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने हेलीपेड पर आत्मीय स्वागत किया। कलेक्टर दीपक सोनी ने मुख्यमंत्री की अगवानी कर पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, राजिम विधायक रोहित साहु, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें संत समागम की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गिरौदपुरी धाम पहुंचकर बाबा गुरु घासीदास जी के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देने वाला पावन स्थल है। संत परंपरा ने समाज को सदैव सत्य, अहिंसा और भाईचारे का मार्ग दिखाया है.

इस अवसर पर पूर्व सांसद गुहा राम अजगले, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन शामिल हुए और संत समागम में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

गिरौदपुरी धाम में आयोजित इस संत समागम ने सामाजिक एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पुनः जन-जन तक पहुंचाया।

Aashis Shrivas
Author: Aashis Shrivas

Leave a Comment

और पढ़ें