कसडोल विधायक संदीप साहू की पहल पर लवन में उपपंजीयक कार्यालय की स्वीकृति, क्षेत्रवासियों में हर्ष
संवाददाता: धनकुमार कौशिक
छत्तीसगढ़ दस्तक 24, बलौदा बाजार
बलौदा बाजार (डोंगरा)।
छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विधायकों की मांग एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के चार स्थानों—लवन (जिला बलौदा बाजार), भखरा (जिला धमतरी), सकरी एवं राजकिशोर नगर (जिला बिलासपुर) में नवीन उपपंजीयक कार्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस निर्णय में कसडोल विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक संदीप साहू की विशेष पहल और सतत प्रयासों की अहम भूमिका रही है। उनके द्वारा लंबे समय से लवन क्षेत्र में उपपंजीयक कार्यालय की आवश्यकता को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जा रहा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।

उल्लेखनीय है कि लवन तहसील का भौगोलिक क्षेत्र अत्यंत विस्तृत है। अब तक यहां के नागरिकों को भूमि रजिस्ट्री, नामांतरण एवं अन्य पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय बलौदा बाजार जाना पड़ता था। इससे आमजन को समय, धन और संसाधनों की अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नए उपपंजीयक कार्यालय के खुलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री एवं पंजीयन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे न केवल लोगों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि जिला कार्यालयों पर बढ़ती भीड़ में भी कमी आएगी। साथ ही पंजीयन प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
इस कार्यालय के प्रारंभ होने से लवन एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। रियल एस्टेट, व्यापार और अन्य संबंधित क्षेत्रों में गति आएगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
इस जनहितकारी निर्णय पर समस्त लवन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने कसडोल विधायक संदीप साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है। क्षेत्र की जनता का कहना है कि विधायक संदीप साहू लगातार जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और लवन में उपपंजीयक कार्यालय की स्वीकृति इसका सशक्त उदाहरण है।







