समय-सीमा बैठक में योजनाओं की गहन समीक्षा, धीमी प्रगति पर अधिकारियों को नोटिस
अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ / मुंगेली
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की विभागवार विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी ने नगरीय निकाय अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन आवासों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लोरमी के संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए इसके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में धीमी प्रगति पाए जाने पर उन्होंने पथरिया एवं मुंगेली जनपद पंचायत के सीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में धान खरीदी एवं उठाव की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। एडीएम ने डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) की स्थिति एवं धान उठाव की कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए उठाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देशित किया कि धान खरीदी कार्य पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने वास्तविक किसानों से वास्तविक मात्रा में धान खरीदी का सत्यापन तथा किसानों का रकबा समर्पण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को समितियों में जाकर धान खरीदी, रकबा समर्पण एवं सत्यापन से संबंधित आंकड़ों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारियों को आगामी तीन दिनों के भीतर निर्धारित समितियों का भ्रमण कर खरीदी प्रक्रिया की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग, आधार सीडिंग एवं भौतिक सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्रीष्मकालीन धान के रकबे में कमी लाने हेतु तैयार कार्ययोजना एवं रणनीति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में चिप्स विभाग को 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार पंजीयन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शिविर आयोजित कर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के अंतर्गत महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों के टीकाकरण, आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री वय वंदन योजना, एनसीडी स्क्रीनिंग सहित अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त कलेक्टर ने जिले में कुपोषण की स्थिति तथा टेक होम राशन (टीएचआर) एवं पूरक पोषण आहार वितरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण कर टीएचआर वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसी प्रकार पीएम जनमन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर लक्षित उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, एसडीएम लोरमी श्री अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







