धनौली में स्वामी आत्मानंद विद्यालय का वार्षिक उत्सव भव्यता एवं उत्साह के साथ संपन्न
आशीष श्रीवास/पेंड्रा
दिनांक 24 जनवरी 2026 को जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा जी के क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनौली स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय धनौली में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों के लिए उत्साह और उमंग का केंद्र रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर सेमरा मंडल अध्यक्ष श्री अजय तिवारी जी, गौरेला मंडल महामंत्री श्री घनश्याम राठौर जी, ग्राम पंचायत धनौली की सरपंच श्रीमती पूजा कोल जी विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं आसपास के ग्रामों से आए ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत जीवंत और उत्सवपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं सामाजिक संदेश से जुड़े कार्यक्रम शामिल रहे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा जी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद विद्यालय जैसे संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया तथा सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में श्री पवन पैकरा जी ने विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने पर समस्त शिक्षक-गण के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय के सतत विकास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
वार्षिक उत्सव कार्यक्रम सांस्कृतिक समरसता, सामाजिक सहभागिता एवं शैक्षणिक जागरूकता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







