प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: बिजली बिल से राहत, हरित ऊर्जा की ओर बड़ा कदम
अतुल गुप्ता, ब्यूरो चीफ – मुंगेली
मुंगेली। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी पहल बनकर उभर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रत्येक घर की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। यह योजना न केवल आम नागरिकों को बढ़ते बिजली बिल के बोझ से राहत दे रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
इसी क्रम में रामगोपाल तिवारी वार्ड निवासी आकाश चंदेल ने अपने घर की छत पर 03 किलोवाट का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। बढ़ते बिजली बिल, ऊर्जा की बढ़ती मांग और पर्यावरण संरक्षण की चिंता ने उन्हें वैकल्पिक ऊर्जा की ओर प्रेरित किया। आज उनके घर में स्थापित सोलर सिस्टम उनकी दैनिक बिजली जरूरतों को प्रभावी रूप से पूरा कर रहा है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। अतिरिक्त बिजली ग्रिड में प्रवाहित होने से उन्हें आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।
आकाश चंदेल ने बताया कि सौर ऊर्जा एक अक्षय, किफायती और पर्यावरण मित्र ऊर्जा स्रोत है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करता है। उनके अनुसार, सोलर प्लांट की स्थापना से वे परोक्ष रूप से कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी योगदान दे रहे हैं।
अनुदान और ऋण सुविधा से बढ़ा उत्साह
सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आकर्षक अनुदान दिया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार बैंकों द्वारा कम ब्याज दर पर आसान किश्तों में ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को 30 हजार रुपये से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
01 किलोवाट पर – 45,000 रुपये
02 किलोवाट पर – 90,000 रुपये
03 किलोवाट पर – 1,08,000 रुपये
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले के अधिकाधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। यह योजना आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हो रही है।







